मेसी का इतिहास, एम्बाप्पे-हालांड का भी धमाका; अर्जेंटीना, फ्रांस और नॉर्वे अंतिम 32 में, अल्जीरिया भी विजयी
23 जून : फीफा विश्व कप 2026 में सोमवार और मंगलवार का दिन दिग्गज गोलस्कोररों के नाम रहा। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागकर विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया और अपनी टीम को 2-0 की जीत दिलाकर अंतिम 32 में पहुंचाया। दूसरी ओर फ्रांस के स्टार किलियन एम्बाप्पे ने इराक के खिलाफ दो गोल कर मेसी की चुनौती का जवाब दिया और विश्व कप के सर्वकालिक गोलस्कोररों की सूची में संयुक्त दूसरे स्थान पर पहुंच गए। फ्रांस ने यह मैच 3-0 से जीता। वहीं नॉर्वे के स्ट्राइकर एरलिंग हालांड ने लगातार दूसरे मैच में दो गोल दागकर सेनेगल पर टीम को 3-2 से रोमांचक जीत दिलाई और अपनी टीम को भी नॉकआउट दौर का टिकट दिला दिया। दिन के अंतिम मुकाबले में अल्जीरिया ने जॉर्डन को 2-1 से हराकर उसके अभियान का अंत कर दिया। मेसी, एम्बाप्पे और हालांड की शानदार फॉर्म ने गोल्डन बूट की दौड़ को और रोमांचक बना दिया है, जबकि अर्जेंटीना, फ्रांस और नॉर्वे ने खिताब की दावेदारी भी मजबूती से पेश की है।
विश्व कप का 41वां मैच :
मेसी का ऐतिहासिक डबल, पेनल्टी भी चूके,
अर्जेंटीना नॉकआउट चरण में पहुंचा
स्कोरर:
अर्जेंटीना 2-0 ऑस्ट्रिया
लियोनेल मेसी (38वें, 90+5वें मिनट)

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप जे के मुकाबले में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और अंतिम 32 में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के नायक कप्तान लियोनेल मेसी रहे, जिन्होंने दो गोल दागकर विश्व कप इतिहास में अपना नाम स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया।
मुकाबले की शुरुआत में मेसी एक पेनाल्टी चूक गए, जबकि ऑस्ट्रिया के अनुभवी डिफेंडर डेविड अलाबा ने कई अहम मौकों पर अर्जेंटीना को रोके रखा। लेकिन 38वें मिनट में मेसी ने अपनी क्लास दिखाई। थियागो अल्मादा के शानदार डमी मूव के बाद फाकुंडो मेडिना की गेंद मेसी तक पहुंची और उन्होंने निचले कोने में सटीक शॉट लगाकर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी।
ऑस्ट्रिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन मार्सेल साबित्जर की फ्री-किक सहित उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। दूसरी ओर अर्जेंटीना लगातार दबाव बनाए रहा। इंजरी टाइम के पांचवें मिनट में मेसी ने अपना दूसरा गोल दागकर जीत पर मुहर लगा दी।
इस डबल के साथ मेसी के विश्व कप में कुल 18 गोल हो गए हैं और उन्होंने जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज के 16 गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए टूर्नामेंट के सर्वकालिक सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी का गौरव हासिल कर लिया। साथ ही वह लगातार छह विश्व कप मैचों में गोल करने वाले इतिहास के केवल तीसरे खिलाड़ी बने।
मुख्य बातें :
अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
लियोनेल मेसी ने दोनों गोल किए और विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने।
मेसी के विश्व कप में अब 18 गोल हैं, जो मिरोस्लाव क्लोज के 16 गोलों से अधिक हैं।
अर्जेंटीना ने ग्रुप जे में लगातार दूसरी जीत के साथ छह अंक हासिल किए।
मेसी लगातार छह विश्व कप मैचों में गोल करने वाले केवल तीसरे फुटबॉलर बने।
मुकाबले के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार लियोनेल मेसी को मिला।

किसने क्या कहा:
लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना):”यह बहुत महत्वपूर्ण जीत है। मुकाबला बेहद कठिन और संतुलित था, लेकिन छह अंक लेकर और अगले दौर में पहुंचकर हम बेहद खुश हैं।”
लिसांद्रो मार्टिनेज (अर्जेंटीना):”वह बाकी खिलाड़ियों से एक स्तर ऊपर हैं। मेरे पास उनके लिए शब्द नहीं हैं। हमें गर्व है कि वह अर्जेंटीना के हैं।”
जूलियन अल्वारेज़ (अर्जेंटीना):”सब देख सकते हैं कि मेसी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। हमने शानदार शुरुआत की है और इसी लय को आगे भी बनाए रखना होगा।”
माइकल ग्रेगोरिट्श (ऑस्ट्रिया):”हमने कड़ा मुकाबला देने की कोशिश की, लेकिन साफ मौके नहीं बना सके। अब हमें अल्जीरिया के खिलाफ जीत पर ध्यान देना होगा।”
विश्व कप का 42वां मैच :
शतकीय मैच में चमके एम्बाप्पे, फ्रांस ने इराक
को हराकर नॉकआउट चरण में बनाई जगह
स्कोरर :
फ्रांस 3-0 इराक
गोल: किलियन एम्बाप्पे (14′, 54′), उस्मान डेम्बेले (66′)
किलियन एम्बाप्पे ने फ्रांस के लिए अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच यादगार बनाते हुए दो गोल दागे और टीम को फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट चरण में पहुंचा दिया। फिलाडेल्फिया में मौसम की खराबी के कारण देरी से शुरू हुए मुकाबले में फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

फ्रांस ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। 14वें मिनट में माइकल ओलिसे के पास पर एम्बाप्पे ने बॉक्स के बाहर से जोरदार बाएं पैर का शॉट लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद इराक की टीम वापसी नहीं कर सकी।
दूसरे हाफ में इराक की रक्षापंक्ति की बड़ी गलती का फायदा उठाते हुए एम्बाप्पे ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। जायद तहसीन और गोलकीपर अहमद बासिल के बीच तालमेल की कमी से गेंद डेम्बेले के पास पहुंची, जिन्होंने निःस्वार्थ खेल दिखाते हुए कप्तान एम्बाप्पे को आसान गोल का मौका दिया।
66वें मिनट में डेम्बेले ने भी अपना नाम स्कोरशीट में दर्ज कराया। माइकल ओलिसे के शानदार थ्रू पास पर उन्होंने विश्व कप करियर का पहला गोल दागकर फ्रांस की जीत पर मुहर लगा दी।
इस जीत के साथ फ्रांस और नॉर्वे दोनों छह-छह अंकों के साथ ग्रुप-आई में शीर्ष दो स्थानों पर हैं और दोनों टीमों ने अंतिम 32 में जगह सुनिश्चित कर ली है। एम्बाप्पे अब टूर्नामेंट में चार गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में लियोनेल मेसी के पीछे बने हुए हैं।
मुख्य बातें :
किलियन एम्बाप्पे ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच में दो गोल किए।
फ्रांस ने लगातार दूसरी जीत के साथ नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
एम्बाप्पे के विश्व कप करियर में अब 16 गोल हो गए हैं।
माइकल ओलिसे ने दो गोल में अहम भूमिका निभाते हुए दो असिस्ट दिए।
उस्मान डेम्बेले ने अपने विश्व कप करियर का पहला गोल दागा।
फ्रांस और नॉर्वे दोनों ने अंतिम 32 में जगह पक्की कर ली है।
एम्बाप्पे अब विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक मल्टी-गोल मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं; उन्होंने छह बार एक मैच में दो या अधिक गोल किए हैं।
किसने क्या कहा :
दिदिएर देसचैम्प (फ्रांस के मुख्य कोच):”दूसरे हाफ में हमारा पूरा नियंत्रण था। परिस्थितियां आसान नहीं थीं, लेकिन हमने नतीजे को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया। आज हमने क्वालीफाई कर लिया है, हालांकि मुझे लगता है कि नॉर्वे के खिलाफ अगला मैच समूह में हमारी अंतिम स्थिति तय करेगा।”

लुकास डिन्ये (फ्रांस के डिफेंडर):”यह हमारे लिए आगे बढ़ने का एक और कदम है। हम जानते हैं कि यहां किस उद्देश्य से आए हैं। हम मैच दर मैच बेहतर होते रहेंगे। 3-0 की जीत और क्लीन शीट के साथ यह एक शानदार शाम रही।”
वर्ल्ड कप का 43वां मैच :
हालांड का डबल धमाका, नॉर्वे ने सेनेगल
को हराकर नॉकआउट में बनाई जगह
स्कोरर :
नॉर्वे 3-2 सेनेगल
नॉर्वे – मार्कुस होल्मग्रेन पेडर्सेन (43′), एरलिंग हालांड (48′, 58′)
सेनेगल – इस्माइला सार (53′, 90+3′)
एरलिंग हालांड के शानदार दो गोलों की बदौलत नॉर्वे ने फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-आई के मुकाबले में सेनेगल को 3-2 से हराकर अंतिम 32 में अपनी जगह पक्की कर ली। न्यूयॉर्क/न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में नॉर्वे ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि सेनेगल को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और अवसर बेहद कम बने। हालांकि 43वें मिनट में सेनेगल के कप्तान कालिदू कुलीबाली की गलती का फायदा उठाते हुए मार्कुस होल्मग्रेन पेडर्सेन ने गोल दागकर नॉर्वे को बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ की शुरुआत के तीन मिनट बाद ही मार्टिन ओडेगार्ड के सटीक पास पर एरलिंग हालांड ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। सेनेगल ने 53वें मिनट में इस्माइला सार के गोल से वापसी की कोशिश की, लेकिन पांच मिनट बाद हालांड ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर मुकाबला फिर नॉर्वे की पकड़ में ला दिया।

इंजुरी समय में सार ने दूसरा गोल कर सेनेगल की उम्मीदें जगाईं, लेकिन नॉर्वे ने अंतिम क्षणों तक बढ़त बनाए रखते हुए महत्वपूर्ण जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ हालांड ने विश्व कप में दो मैचों में चार गोल पूरे कर लिए और गोल्डन बूट की दौड़ में खुद को मजबूती से बनाए रखा।
मुख्य बातें :
नॉर्वे ने लगातार दूसरी जीत के साथ नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
एरलिंग हालांड ने दो गोल कर विश्व कप 2026 में अपने गोलों की संख्या चार पहुंचाई।
हालांड ने नॉर्वे के लिए 52 मैचों में 59 गोल पूरे किए।
सेनेगल लगातार दूसरी हार के बाद बाहर होने की कगार पर पहुंच गया।
नॉर्वे की विश्व कप इतिहास की चारों जीत चार अलग-अलग परिसंघों की टीमों के खिलाफ आई हैं।
मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार एरलिंग हालांड को मिला।
किसने क्या कहा :
इस्माइला सार (सेनेगल फारवर्ड):”यह कठिन मुकाबला था। हम थोड़े निराश हैं, लेकिन सब कुछ खत्म नहीं हुआ है। हमारे पास अभी एक और मैच बचा है। हम उसे जीतने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।”
एरलिंग हालांड (नॉर्वे फारवर्ड):”यह फिर से एक खास रात रही। मैं बेहद गर्व महसूस कर रहा हूं और हर पल का आनंद ले रहा हूं। पदार्पण के बाद से नॉर्वे के लिए खेलना हमेशा शानदार रहा है। विश्व कप का अनुभव वाकई अद्भुत है।”
विश्व कप का 44वां मैच :
अल्जीरिया की शानदार वापसी,
जॉर्डन विश्व कप से बाहर
स्कोरर :
जॉर्डन: निजार अल-रशदान (36′)
अल्जीरिया: नाधिर बेनबुआली (69′), अमीन गुइरी (82′)

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप जे के मुकाबले में अल्जीरिया ने दमदार वापसी करते हुए जॉर्डन को 2-1 से हराकर नॉकआउट दौर में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा, जबकि इस हार के साथ विश्व कप में पदार्पण कर रही जॉर्डन की टीम का अभियान समाप्त हो गया।
सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दोनों टीमें शुरुआती हार के बाद जीत की तलाश में उतरी थीं। मैच के शुरुआती दौर में अल्जीरिया ने अधिक आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन जॉर्डन का रक्षात्मक प्रदर्शन मजबूत रहा। 36वें मिनट में मूसा अल-तमारी की ओर से बॉक्स में भेजी गई गेंद निजार अल-रशदान तक पहुंची और उन्होंने शानदार फिनिश करते हुए जॉर्डन को 1-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में अल्जीरिया ने लगातार दबाव बनाया। 69वें मिनट में कॉर्नर से आए मौके पर नाधिर बेनबुआली ने हेडर के जरिए बराबरी का गोल दाग दिया। इसके बाद 82वें मिनट में एक और कॉर्नर से बने अवसर पर अमीन गुइरी ने नजदीक से गेंद को जाल में पहुंचाकर अल्जीरिया को निर्णायक बढ़त दिला दी।
इस जीत के साथ अल्जीरिया ने ग्रुप जे में अपने पहले तीन अंक हासिल किए और अंतिम मैच से पहले क्वालीफिकेशन की उम्मीदें बरकरार रखीं।
मुख्य बातें :
अल्जीरिया ने पिछड़ने के बाद 2-1 से जीत दर्ज की।
जॉर्डन लगातार दूसरी हार के साथ विश्व कप से बाहर हो गया।
नाधिर बेनबुआली और अमीन गुइरी ने दूसरे हाफ में गोल कर मैच पलटा।
इब्राहिम माज़ा को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
अल्जीरिया ने अपने पिछले 15 विश्व कप मैचों में केवल एक बार क्लीन शीट रखी है।
किसने क्या कहा :
“यह बहुत कठिन मुकाबला था। वे 1-0 से आगे थे, लेकिन मुझे लगा कि पूरे मैच में हमारा नियंत्रण रहा। हाफ टाइम पर हमने तय किया कि हमें और मेहनत करनी होगी, लेकिन धैर्य भी बनाए रखना होगा क्योंकि गेंद ज्यादातर समय हमारे पास थी। फिर हमने दो अच्छे गोल किए और मैच जीत लिया। हम बहुत खुश हैं। ये तीन अंक अगले मैच के लिए हमें काफी आत्मविश्वास और प्रेरणा देंगे।”— इब्राहिम माज़ा, अल्जीरिया फॉरवर्ड

Reported by – Md Isha Uddin
