फीफा वर्ल्ड कप : आठवां दिन

मेक्सिको ने ग्रुप जीता, कनाडा का गोलों का तूफान; दक्षिण अफ्रीका ने बचाई उम्मीदें, स्विट्ज़रलैंड की आसान जीत, एक दिन में तीन रेड कार्ड

19 जून : फीफा विश्व कप 2026 में सह-मेजबान देशों का दबदबा जारी है। मेक्सिको ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि कनाडा ने वैंकूवर में गोलों की बारिश करते हुए शानदार 6-0 की जीत दर्ज की। दूसरी ओर स्विट्जरलैंड ने बोस्निया और हर्जेगोविना को 4-1 से मात दी, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने चेकिया के खिलाफ संघर्षपूर्ण 1-1 से ड्रॉ खेलकर अंतिम-32 में पहुंचने की अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं।

विश्व कप का 25वां मैच:

मोकोएना के पेनल्टी गोल से दक्षिण अफ्रीका ने चेकिया को 1-1 से रोका

स्कोरर: चेकिया: मिखाल सादिलेक (6वां मिनट) दक्षिण अफ्रीका: तेबोहो मोकोएना (83वां मिनट, पेनल्टी)

अटलांटा स्टेडियम में खेले गए फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-ए के मुकाबले में चेकिया और दक्षिण अफ्रीका ने 1-1 की बराबरी खेली। मैच की शुरुआत से ही चेकिया ने आक्रामक खेल दिखाया और छठे मिनट में मिखाल सादिलेक ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। आदम हलोजेक के क्रॉस और अलेक्सांद्र सोयका की शानदार वन-टच पास पर सादिलेक ने गेंद को नेट में पहुंचाकर विश्व कप के सबसे तेज गोलों में से एक दर्ज किया।


दूसरे हाफ में दक्षिण अफ्रीका ने वापसी की कोशिशें तेज कर दीं। कोच ह्यूगो ब्रूस ने रेलेबोहिले मोफोकेंग को मैदान पर उतारा, जिन्होंने आक्रमण में नई ऊर्जा भरी। हालांकि लादिस्लाव क्रेज़ी की अगुआई में चेकिया की रक्षा पंक्ति लगातार दबाव झेलती रही। मैच के 83वें मिनट में पावेल सुल्च के हैंडबॉल पर दक्षिण अफ्रीका को पेनल्टी मिली और तेबोहो मोकोएना ने गोलकीपर मातेज कोवार को छकाते हुए बराबरी का गोल दाग दिया। इसके बाद दोनों टीमें विजयी गोल की तलाश में रहीं, लेकिन मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

मुख्य बातें:

चेकिया और दक्षिण अफ्रीका ने 1-1 से अंक बांटे।
मिखाल सादिलेक ने मैच के छठे मिनट में गोल कर चेकिया को बढ़त दिलाई।
तेबोहो मोकोएना ने 83वें मिनट में पेनल्टी से बराबरी का गोल किया।
ग्रुप-ए में दोनों टीमों के अब दो मैचों में एक-एक अंक हैं।
सादिलेक का गोल इस विश्व कप का सबसे तेज गोल बना, जो 5 मिनट 8 सेकंड में आया।
चेकिया के लादिस्लाव क्रेज़ी को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

किसने क्या किया :

मिरोस्लाव कौबेक (चेकिया के कोच): ”इस परिणाम से हम निराश हैं। मौकों को देखें तो जीत के हम ज्यादा करीब थे, लेकिन एक गलती हमें भारी पड़ गई। इसके बावजूद दूसरे हाफ में हमारा प्रदर्शन बेहतर रहा।”
ह्यूगो ब्रूस (दक्षिण अफ्रीका के कोच): ”मुझे अपनी टीम पर बहुत गर्व है। हमने आक्रामक फुटबॉल खेली और मौके बनाए। चेकिया शारीरिक रूप से मजबूत टीम है, फिर भी हमने शानदार प्रदर्शन किया। यह अफसोस की बात है कि हमें सिर्फ एक अंक मिला, लेकिन अगर हम इसी मानसिकता से खेलते रहे तो आगे भी अच्छे नतीजे हासिल कर सकते हैं।”

विश्व कप का 26 वां मैच :

मंजाम्बी के डबल धमाके से स्विट्जरलैंड की शानदार जीत, बोस्निया को 4-1 से रौंद ग्रुप-बी में शीर्ष पर

स्कोरर
स्विट्जरलैंड 4-1 बोस्निया और हर्जेगोविना
स्विट्जरलैंड : योहान मंजाम्बी (74वें, 90वें), रुबेन वर्गास (84वें), ग्रानित झाका (90+7 पेनाल्टी)
बोस्निया और हर्जेगोविना : एर्मिन माहमिक (90+3)।

लॉस एंजिलिस स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के मुकाबले में स्विट्जरलैंड ने दूसरे हाफ में शानदार खेल दिखाते हुए बोस्निया और हर्जेगोविना को 4-1 से हरा दिया। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और कोई भी पक्ष बढ़त नहीं बना सका, लेकिन ब्रेक के बाद मैच का पूरा रंग बदल गया।
बेंच से उतरे 20 वर्षीय मिडफील्डर योहान मंजाम्बी ने 74वें मिनट में जोरदार गोल दागकर स्विट्जरलैंड को बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे स्थानापन्न खिलाड़ी रुबेन वर्गास ने 84वें मिनट में स्कोर 2-0 कर दिया। बोस्निया की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब तारिक मुहरेमोविच को पेशेवर फाउल के लिए लाल कार्ड दिखाया गया। मंजाम्बी ने 90वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर मैच लगभग खत्म कर दिया। स्टॉपेज टाइम में एर्मिन माहमिक ने शानदार गोल कर अंतर कम किया, लेकिन कप्तान ग्रानित झाका ने पेनाल्टी पर गोल कर स्विट्जरलैंड की 4-1 की जीत पक्की कर दी।
इस जीत के साथ स्विट्जरलैंड ने टूर्नामेंट में अपना पहला विजय अभियान दर्ज किया और चार अंकों के साथ ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया। मंजाम्बी को उनके दो गोलों के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

मुख्य बातें

स्विट्जरलैंड ने बोस्निया और हर्जेगोविना को 4-1 से हराया।
योहान मंजाम्बी ने दो गोल दागकर जीत के नायक बने।
रुबेन वर्गास ने एक गोल और एक असिस्ट किया।
बोस्निया के तारिक मुहरेमोविच को लाल कार्ड मिला।
ग्रानित झाका ने स्टॉपेज टाइम में पेनाल्टी गोल किया।
20 वर्ष 247 दिन की उम्र में मंजाम्बी विश्व कप में स्विट्जरलैंड के लिए दो गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।
बतौर स्थानापन्न उतरकर विश्व कप मैच में एक से अधिक गोल करने वाले पहले स्विस खिलाड़ी भी बने।
स्विट्जरलैंड चार अंकों के साथ ग्रुप-बी में शीर्ष पर पहुंच गया।

किसने क्या किया :

मुरात याकिन (स्विट्जरलैंड के कोच): ”हमें धैर्य रखना था और सही समय पर बदलाव करने थे। हमने तेज खिलाड़ियों को उतारा और जब विपक्ष थक चुका था तो हमें जगह मिली। टीम ने शानदार तरीके से मैच अपने नाम किया।”
सर्जेई बारबारेज (बोस्निया और हर्जेगोविना के कोच): ”हाइड्रेशन ब्रेक तक हम बेहतर टीम थे, लेकिन स्विट्जरलैंड के खिलाड़ियों ने मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया। यह हमारी दस मैचों में पहली हार है, लेकिन अभी सब कुछ खत्म नहीं हुआ है।”


योहान मंजाम्बी (स्विट्जरलैंड): ”यह शायद अब तक मेरे करियर का सबसे बेहतरीन पल है। हमें पता था कि शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन हमने धैर्य बनाए रखा और अपनी गुणवत्ता दिखाई।”

विश्व कप का 27 वां मैच :

कनाडा की ऐतिहासिक जीत, जोनाथन डेविड की हैट्रिक से कतर को 6-0 से रौंदा

स्कोरर: कनाडा 6-0 कतर
साइल लारिन (16वां मिनट)
जोनाथन डेविड (29वां, 45+3वां, 90+2वां मिनट)
नाथन सालिबा (64वां मिनट)
मोहम्मद मनाई (75वां मिनट, आत्मघाती गोल)

सह-मेजबान कनाडा ने अपनी पहली जीत शानदार अंदाज में दर्ज करते हुए कतर को 6-0 से करारी शिकस्त दी। वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी मुकाबले में जोनाथन डेविड ने हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया, जबकि साइल लारिन और नाथन सालिबा ने भी गोल दागे।
मैच की शुरुआत से ही कनाडा ने आक्रामक तेवर दिखाए। 16वें मिनट में साइल लारिन ने रिबाउंड पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद जोनाथन डेविड ने 29वें मिनट में शानदार वॉली के जरिए स्कोर 2-0 कर दिया।
कतर की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब 30वें मिनट में होमान अहमद को ताजोन बुकानन पर फाउल के लिए लाल कार्ड दिखाया गया। एक खिलाड़ी कम होने का नुकसान कतर को तुरंत भुगतना पड़ा और डेविड ने पहले हाफ के अतिरिक्त समय में अपना दूसरा गोल कर कनाडा को 3-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में कतर नौ खिलाड़ियों तक सिमट गया जब असीम मदीबो को इस्माइल कोने पर खतरनाक चुनौती के लिए लाल कार्ड मिला। इसके बाद कनाडा का दबदबा पूरी तरह कायम रहा। नाथन सालिबा ने शानदार फ्री-किक पर गोल किया, फिर मोहम्मद मनाई के आत्मघाती गोल ने अंतर और बढ़ा दिया।


मैच के अंतिम क्षणों में जोनाथन डेविड ने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की और कनाडा की यादगार जीत पर मुहर लगा दी। इस जीत के साथ कनाडा के दो मैचों में चार अंक हो गए हैं और टीम नॉकआउट चरण में पहुंचने के बेहद करीब है।

मुख्य बातें

कनाडा ने फीफा विश्व कप इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज की।
जोनाथन डेविड ने हैट्रिक लगाकर मैच के नायक बने।
कतर को दो लाल कार्ड मिले और टीम नौ खिलाड़ियों के साथ मुकाबला समाप्त करने पर मजबूर हुई।
साइल लारिन ने लगातार दूसरे मैच में गोल किया।
ग्रुप-बी में कनाडा चार अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गया।
जोनाथन डेविड घरेलू धरती पर विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले 1966 में इंग्लैंड के ज्योफ हर्स्ट के बाद पहले खिलाड़ी बने।

किसने क्या कहा :

जोनाथन डेविड (प्लेयर ऑफ द मैच): ”यह हमारे लिए बेहद खास रात है। घरेलू दर्शकों के सामने विश्व कप में पहली जीत हासिल करना और हैट्रिक लगाना एक सपना सच होने जैसा है।”

विश्व कप का 28वां मैच :

मेक्सिको ने दक्षिण कोरिया को हराकर नॉकआउट में बनाई जगह, लुइस रोमो बने जीत के नायक

स्कोरर मेक्सिको 1-0 दक्षिण कोरिया
लुइस रोमो (50वां मिनट)।

सह-मेजबान मेक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-ए के मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराकर नॉकआउट चरण (राउंड ऑफ 32) में जगह बना ली। इस जीत के साथ मेक्सिको टूर्नामेंट के नॉकआउट दौर में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई और ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान भी सुनिश्चित कर लिया।


ग्वाडलाहारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले का पहला हाफ काफी संघर्षपूर्ण रहा, जहां दोनों टीमों को साफ मौके बनाने में मुश्किल हुई। दूसरे हाफ की शुरुआत में मेक्सिको ने आक्रामक रुख अपनाया। 49वें मिनट में जीसस गालार्डो ने साइड नेटिंग में शॉट मारकर संकेत दे दिया कि मेक्सिको बढ़त के लिए दबाव बना रहा है।
इसके ठीक एक मिनट बाद दक्षिण कोरिया के गोलकीपर किम स्युंग-ग्यु और डिफेंडर ली गी-ह्युक के बीच तालमेल की कमी का फायदा उठाते हुए लुइस रोमो ने खाली पड़े गोल में गेंद डाल दी। यही गोल अंततः मैच का निर्णायक साबित हुआ।
गोल खाने के बाद दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन मेक्सिको के गोलकीपर राउल रांगेल ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच के अंतिम मिनटों में उन्होंने चो ग्यु-सुंग और यांग ह्योन-जुन के लगातार प्रयासों पर अविश्वसनीय डबल सेव कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
अब मेक्सिको 30 जून को मेक्सिको सिटी में राउंड ऑफ 32 में ग्रुप सी, ई, एफ, एच या आई की किसी तीसरे स्थान वाली टीम से भिड़ेगा।

मुख्य बातें

मेक्सिको ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया।
लुइस रोमो ने 50वें मिनट में मैच का एकमात्र गोल किया।
मेक्सिको फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली पहली टीम बनी।
ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान भी मेक्सिको ने सुनिश्चित किया।
गोलकीपर राउल रांगेल ने अंतिम मिनटों में शानदार डबल सेव किया।
लुइस रोमो को “सुपीरियर प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया।
विश्व कप इतिहास में पहली बार मेक्सिको ने लगातार मुकाबले जीते हैं।

किसने क्या किया :

जावियर अगुइरे (मेक्सिको के मुख्य कोच): ”यह एक कठिन मुकाबला था। हम दक्षिण कोरिया को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने हम पर काफी दबाव बनाया और हमें ज्यादा जगह नहीं दी। अंत में एक गलती ने मैच का फैसला कर दिया। यह शानदार मैच नहीं था, क्योंकि प्रतिद्वंद्वी ने हमें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।”
होंग म्युंग-बो (दक्षिण कोरिया के मुख्य कोच): ”हमने लगभग वैसा ही खेला जैसा हमने योजना बनाई थी। जिस तरह हमने गोल गंवाया वह निराशाजनक था। अब हमारा पूरा ध्यान ग्रुप चरण के अंतिम मैच पर रहेगा। खिलाड़ियों ने पूरे मैच में धैर्य बनाए रखा और हम अगले मुकाबले की तैयारी करेंगे।”

Reported by – Md Isha Uddin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *