फीफा वर्ल्ड कप : सातवां दिन

पहले राउंड के सभी मुकाबले पूरे
इंग्लैंड की धमाकेदार शुरुआत, पुर्तगाल को कांगो ने रोका, घाना और कोलंबिया भी जीते

18 जून : फीफा विश्व कप 2026 के सातवें दिन इंग्लैंड, कोलंबिया और घाना ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि कांगो ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम को 1-1 की बराबरी पर रोककर सबको चौंका दिया। इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराया। वहीं, कांगो ने 1-1 से ड्रॉ कर जुझारू खेल दिखाते हुए पुर्तगाल से एक महत्वपूर्ण अंक छीन लिया। दूसरी ओर, कोलंबिया ने उज़्बेकिस्तान को 3-1 से और और घाना ने पनामा को 1-0 से हराकर पूरे अंक हासिल किए।

विश्व कप का 21 वां मैच :

कांगो ने पुर्तगाल को रोका, रोनाल्डो रहे बेअसर

स्कोरर: पुर्तगाल – जोआओ नेवेस (6′) कांगो डीआर – योआने विस्सा (45′)

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-के के मुकाबले में पुर्तगाल को कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआर कांगो) ने 1-1 की बराबरी पर रोककर बड़ा उलटफेर किया। ह्यूस्टन में खेले गए इस मुकाबले में पुर्तगाल ने शानदार शुरुआत की और छठे मिनट में जोआओ नेवेस के हेडर से बढ़त बना ली। हालांकि पहले हाफ के अंतिम क्षणों में योआने विस्सा ने शानदार हेडर लगाकर कांगो को बराबरी दिला दी।
दूसरे हाफ में पुर्तगाल ने 75 प्रतिशत तक गेंद अपने कब्जे में रखी, लेकिन कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो समेत उनकी आक्रामक पंक्ति कांगो की मजबूत रक्षा को भेद नहीं सकी। रोनाल्डो पूरे 90 मिनट मैदान पर रहे, लेकिन एक भी शॉट लक्ष्य पर नहीं लगा सके। दूसरी ओर, कांगो ने सीमित मौकों का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए विश्व कप इतिहास का अपना पहला अंक हासिल किया और पुर्तगाल को निराश कर दिया।

मुख्य बातें:

कांगो ने विश्व कप इतिहास में पहली बार हार से बचते हुए पहला अंक हासिल किया।
योआने विस्सा ने कांगो का विश्व कप में पहला गोल दागा।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पूरे मैच में लक्ष्य पर एक भी शॉट नहीं लगाया।
रोनाल्डो और लियोनेल मेसी विश्व कप के छह संस्करण खेलने वाले पहले पुरुष फुटबॉलर बने।
पुर्तगाल पिछले पांच विश्व कप ओपनिंग मैचों में से चार में जीत दर्ज नहीं कर सका है।
41 वर्ष 123 दिन की उम्र में रोनाल्डो विश्व कप मैच शुरू करने वाले सबसे उम्रदराज़ आउटफील्ड खिलाड़ी बने।

किसने क्या किया :

“हम जानते थे कि पुर्तगाल जैसी मजबूत टीम के खिलाफ अनुशासन और धैर्य ही हमारी सबसे बड़ी ताकत होगी। खिलाड़ियों ने शानदार जज्बा दिखाया और इतिहास रच दिया।” — सेबास्टियन देसाब्रे, कांगो के मुख्य कोच।

विश्व कप का 22 वां मैच :

हैरी केन के दो गोल से इंग्लैड ने क्रोएशिया को हराकर अभियान की शानदार शुरुआत

स्कोरर
इंग्लैंड 4-2 क्रोएशिया इंग्लैंड: हैरी केन (12′ पेनल्टी, 42′), जूड बेलिंघम (47′), मार्कस रैशफोर्ड (85′) क्रोएशिया: मार्टिन बातुरीना (36′), पेटार मूसा (45+5′)।

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप एल के मुकाबले में इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 4-2 से हराकर अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। डलास स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में कप्तान हैरी केन ने दो गोल दागे, जबकि जूड बेलिंघम और स्थानापन्न खिलाड़ी मार्कस रैशफोर्ड ने दूसरे हाफ में एक-एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
मुकाबले की शुरुआत से ही इंग्लैंड आक्रामक नजर आया। नोनी मडुएके पर हुए फाउल के बाद मिले पेनल्टी अवसर को हैरी केन ने दूसरे प्रयास में गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि क्रोएशिया ने मार्टिन बातुरीना के शानदार कर्लिंग शॉट से बराबरी कर ली। इसके बाद डेक्लान राइस के कॉर्नर पर केन ने हेडर लगाकर इंग्लैंड को फिर आगे किया, लेकिन पहले हाफ के अतिरिक्त समय में पेटार मूसा ने बेहतरीन वॉली के जरिए स्कोर 2-2 कर दिया।
दूसरे हाफ की शुरुआत होते ही जूड बेलिंघम ने दाएं किनारे से अंदर आते हुए शानदार फिनिश के साथ इंग्लैंड को फिर बढ़त दिलाई। इसके बाद इंग्लैंड ने खेल पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया और लगातार दबाव बनाया। अंत में बुकायो साका की बेहतरीन तैयारी पर मार्कस रैशफोर्ड ने 85वें मिनट में चौथा गोल कर क्रोएशिया की वापसी की उम्मीदों को समाप्त कर दिया।

मुख्य बातें :

इंग्लैंड ने लगातार तीसरे विश्व कप में अपना पहला मैच जीता।
हैरी केन ने विश्व कप में इंग्लैंड के लिए 10 गोल पूरे कर गैरी लिनेकर के रिकॉर्ड की बराबरी की।
केन विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक पेनल्टी गोल (5) करने वाले खिलाड़ी बन गए।
जूड बेलिंघम ने नंबर-10 की भूमिका में शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल किया।
मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मिशेलोब अल्ट्रा सुपीरियर प्लेयर ऑफ द मैच) बने हैरी केन।
ग्रुप एल में इंग्लैंड और घाना तीन-तीन अंकों के साथ शीर्ष दो स्थानों पर हैं।

किसने क्या कहा:

हैरी केन (इंग्लैंड कप्तान): ”हाफ टाइम पर कोच ने कहा कि हमें अपने तरीके से खेलना है। दूसरे हाफ में हमने पूरी ताकत झोंक दी और क्रोएशिया उसका जवाब नहीं दे सका। टूर्नामेंट की शुरुआत जीत से करना बेहद महत्वपूर्ण था।”
थॉमस टुखेल (इंग्लैंड कोच): ”पहले हाफ में हम घबराए हुए थे और अपनी लय नहीं पकड़ सके। लेकिन दूसरे हाफ में खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया शानदार रही। उन्होंने अधिक आक्रामकता और प्रतिबद्धता दिखाई, जिसने मैच का रुख बदल दिया।”
ज़्लातको डालिच (क्रोएशिया कोच): ”पहले हाफ में हम मुकाबले में थे, लेकिन दूसरे हाफ में हमारा प्रदर्शन बहुत खराब रहा। तीसरे गोल के बाद वापसी करना मुश्किल हो गया और हमने कई गलतियां कीं।”

विश्व कप का 23वां मैच :

यिरेन्की के आखिरी मिनट के गोल से घाना की रोमांचक जीत, पनामा का दिल टूटा

स्कोरर:
घाना – कालेब यिरेन्की (90+5′)
पनामा – कोई गोल नहीं

टोरंटो स्टेडियम में खेले गए ग्रुप एल के मुकाबले में घाना ने पनामा को 1-0 से हराकर शानदार शुरुआत की। मैच के अधिकांश समय तक दोनों टीमें गोल के लिए संघर्ष करती रहीं और पनामा ने कई अच्छे मौके भी बनाए, लेकिन घाना के गोलकीपर लॉरेंस अटी जिगी ने बेहतरीन बचाव कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। पनामा के सेसिलियो वाटरमैन, जियोवानी रामोस और क्रिस्टियन मार्टिनेज गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन सफलता नहीं मिली।
दूसरे हाफ में घाना के कोच कार्लोस क्वेइरोज़ ने बदलाव किए, जिनका असर आखिरकार इंजरी टाइम में देखने को मिला। ब्रैंडन थॉमस-असान्ते ने बाएं छोर से शानदार दौड़ लगाते हुए गेंद बॉक्स में पहुंचाई, जहां कालेब यिरेन्की ने आसान फिनिश के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला गोल दाग दिया। 90+5वें मिनट में आया यह गोल घाना को तीन महत्वपूर्ण अंक दिलाने के लिए काफी साबित हुआ, जबकि पनामा विश्व कप में अपना पहला अंक हासिल करने से चूक गया।

मुख्य बातें:

घाना ने पनामा को 1-0 से हराया।
कालेब यिरेन्की ने 90+5वें मिनट में विजयी गोल किया।
लॉरेंस अटी जिगी ने कई शानदार बचाव कर क्लीन शीट बरकरार रखी।
घाना के कोच कार्लोस क्वेइरोज़ लगातार पांच विश्व कप में टीम को कोचिंग देने वाले दूसरे कोच बने।
घाना ने ग्रुप एल में जीत के साथ तीन अंक हासिल किए।
मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार एंटोइन सेमेन्यो (घाना) को मिला।

किसने क्या कहा:

“हम अंत तक लड़ते रहे और आखिरकार हमें उसका इनाम मिला। यह जीत टीम के जज्बे और धैर्य का परिणाम है।” — कार्लोस क्वेइरोज़, घाना के मुख्य कोच।

विश्व कप का 24वां मैच :

लुइस डियाज़ के दम पर कोलंबिया की शानदार जीत, विश्व कप डेब्यू कर रहे उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराया

स्कोरर:
उज्बेकिस्तान: अब्बोसबेक फ़ैज़ुल्लायेव (60′) कोलंबिया: डेनियल मुन्योज़ (40′), लुइस डियाज़ (65′), जेमिंटन कैंपाज़ (90+9′)

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-के के मुकाबले में कोलंबिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप में पहली बार खेल रहे उज्बेकिस्तान को 3-1 से हरा दिया। मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कोलंबिया के स्टार विंगर लुइस डियाज़ ने एक गोल करने के साथ एक गोल में सहायता देकर जीत के नायक की भूमिका निभाई। इस जीत के साथ दक्षिण अमेरिकी टीम ने ग्रुप-के में शुरुआती बढ़त हासिल कर ली।
कोलंबिया ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और 40वें मिनट में डियाज़ के शानदार पास पर डेनियल मुन्योज़ ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि उज्बेकिस्तान ने हार नहीं मानी और 60वें मिनट में अब्बोसबेक फ़ैज़ुल्लायेव ने अपनी टीम के विश्व कप इतिहास का पहला गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पांच मिनट बाद लुइस डियाज़ ने गोल कर कोलंबिया को फिर बढ़त दिला दी। इंजरी टाइम के नौवें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी जेमिंटन कैंपाज़ ने हेडर के जरिए तीसरा गोल कर जीत पर मुहर लगा दी।

मुख्य बातें:

कोलंबिया ने उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर विश्व कप अभियान का विजयी आगाज़ किया।
लुइस डियाज़ ने एक गोल और एक असिस्ट के साथ मैच में निर्णायक भूमिका निभाई।
अब्बोसबेक फ़ैज़ुल्लायेव ने उज्बेकिस्तान के विश्व कप इतिहास का पहला गोल किया।
जेमिंटन कैंपाज़ ने 90+9वें मिनट में गोल कर जीत सुनिश्चित की।
पुर्तगाल और कांगो के ड्रॉ के बाद कोलंबिया ग्रुप-के में शीर्ष पर पहुंच गया।
लुइस डियाज़ को ‘सुपीरियर प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

किसने क्या किया :

“आज मैं अपने बचपन का सपना जी रहा हूं। अपने देश के लिए विश्व कप में खेलना और उसमें गोल तथा असिस्ट करना इससे खूबसूरत कुछ नहीं हो सकता। हम एकजुट टीम हैं और मैच दर मैच बेहतर होते जाएंगे।” — लुइस डियाज़, कोलंबिया विंगर

Reported by – Md Isha Uddin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *