स्कॉटलैंड की जीत, कतर का ऐतिहासिक अंक; ब्राजील-मोरक्को मुकाबला ड्रॉ, ऑस्ट्रेलिया की अप्रत्याशित जीत
14 जून : फीफा विश्व कप 2026 के तीसरे दिन खेले गए चार मैचों में से स्कॉटलैंड ने हैती को हराकर अहम जीत दर्ज की, जबकि कतर ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ ड्रॉ खेलकर विश्व कप इतिहास का पहला अंक हासिल किया। वहीं ब्राजील और मोरक्को के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 1-1 से बराबरी पर छूटा। एक अन्य मैच में ऑस्ट्रेलिया ने उलटफेर करते हुए तुर्कीय को 2-0 से हरा दिया।
- कतर ने स्विट्ज़रलैंड के विरुद्ध आत्मघाती गोल से हार बचाई
कतर ने फीफा विश्व कप 2026 में विदेशी धरती पर खेलते हुए अपना पहला विश्व कप अंक नाटकीय अंदाज में हासिल किया। सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी मुकाबले में कतर ने स्विट्जरलैंड को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया। मैच के 17वें मिनट में ब्रील एम्बोलो के पेनाल्टी गोल से स्विट्जरलैंड बढ़त पर था और जीत की ओर बढ़ता दिख रहा था, लेकिन अतिरिक्त समय के चौथे मिनट में मिरो मुहाइम के आत्मघाती गोल ने कतर को ऐतिहासिक अंक दिला दिया।
स्कोरर:स्विट्जरलैंड – ब्रील एम्बोलो (17वें मिनट, पेनाल्टी)कतर – मिरो मुहाइम (90+4, आत्मघाती गोल)
शुरुआत में कतर को बढ़त लेने का शानदार मौका मिला था जब दूसरे मिनट में एडमिल्सन जूनियर स्विस रक्षा पंक्ति को चकमा देकर गोलकीपर ग्रेगोर कोबेल के सामने पहुंच गए, लेकिन उनका शॉट सीधे गोलकीपर के हाथों में चला गया। इसके बाद स्विट्जरलैंड ने खेल पर नियंत्रण स्थापित कर लिया। डैन नडोये लगातार खतरा पैदा कर रहे थे और 17वें मिनट में महमूद अबुनादा द्वारा रेमो फ्रॉयलर पर किए गए फाउल के बाद मिले पेनाल्टी को ब्रील एम्बोलो ने गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिला दी।
पहले हाफ में स्विस टीम पूरी तरह हावी रही। डैन नडोये कई मौकों पर गोल के करीब पहुंचे, जबकि मिशेल एबिशर का एक शानदार प्रयास गोल रेखा से क्लियर कर दिया गया। दूसरी ओर कतर की ओर से एडमिल्सन जूनियर ने एक-दो अच्छे हमले किए, लेकिन ग्रेगोर कोबेल ने उन्हें सफल नहीं होने दिया।
दूसरे हाफ में मुकाबला अपेक्षाकृत धीमा रहा, हालांकि स्विट्जरलैंड को बढ़त दोगुनी करने के कई अवसर मिले। जुआन वर्गास और एम्बोलो दोनों गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन अंतिम स्पर्श की कमी खली। स्विस टीम ने पूरे मैच में 26 शॉट लगाए, फिर भी दूसरा गोल नहीं कर सकी।
जब ऐसा लग रहा था कि स्विट्जरलैंड तीन अंक लेकर मैदान से बाहर जाएगा, तभी अतिरिक्त समय में होमाम अहमद के क्रॉस पर बुआलेम खौखी के दबाव में स्विस स्थानापन्न खिलाड़ी मिरो मुहाइम ने गेंद अपने ही गोल में पहुंचा दी। इस आत्मघाती गोल ने कतर को 1-1 की बराबरी दिला दी और स्विट्जरलैंड की जीत छीन ली।

कतर के कोच जूलन लोपेतगी ने कहा, “यहां पहुंचना ही ऐतिहासिक था। स्विट्जरलैंड जैसी यूरोप की मजबूत टीम के खिलाफ अंक हासिल करना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हमने कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखा और आखिर में उसका पुरस्कार मिला।”
स्विट्जरलैंड के कोच मुरात याकिन ने कहा, “हम अपने प्रदर्शन को लेकर खुद को दोष नहीं दे सकते। हमने 26 शॉट लगाए, अच्छे मौके बनाए, लेकिन फिनिशिंग में सटीकता की कमी रही। हमें इसी क्षेत्र में सुधार करना होगा।”
स्विस कप्तान ग्रेनिट झाका ने निराशा जताते हुए कहा, “अगर आप अपने मौके नहीं भुनाते तो उसकी कीमत चुकानी पड़ती है। हमें 1-0 की बढ़त को बेहतर तरीके से संभालना चाहिए था। हमने धैर्य खोया और अंतिम क्षणों में उसकी सजा मिली।”
मुकाबले के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (सुपीरियर प्लेयर ऑफ द मैच) का पुरस्कार कतर के महमूद अबुनादा को दिया गया।
वहीं स्विट्जरलैंड के अनुभवी खिलाड़ी रिकार्डो रोड्रिगेज और ग्रेनिट झाका ने अपने चौथे विश्व कप में संयुक्त रूप से 13वीं विश्व कप उपस्थिति दर्ज कर स्विस फुटबॉल इतिहास में नया रिकॉर्ड बनाया।
- ब्राजील की शुरुआत फीकी, विनीसियस ने बचाई लाज; मोरक्को से 1-1 की बराबरी
स्कोरर:मोरक्को – इस्माइल सैबारी (21वां मिनट)ब्राजील – विनीसियस जूनियर (32वां मिनट)
न्यूयॉर्क/न्यू जर्सी स्टेडियम में ग्रुप-सी मुकाबले में पांच बार की चैंपियन ब्राजील को मोरक्को के खिलाफ 1-1 की बराबरी से संतोष करना पड़ा। कतर 2022 की सेमीफाइनलिस्ट मोरक्को ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शुरुआत में बढ़त बनाई, लेकिन विनीसियस जूनियर के बेहतरीन गोल ने ब्राजील को हार से बचा लिया। मुकाबला अंत तक रोमांचक रहा और दोनों टीमों ने कई अवसर बनाए, लेकिन अंत में अंक बांटने पड़े।
मोरक्को ने 21वें मिनट में ब्राहीम डियाज के शानदार थ्रू पास पर इस्माइल सैबारी के गोल से सबको चौंका दिया। सैबारी ने ब्राजील के गोलकीपर एलिसन को छकाते हुए गेंद को जाल में पहुंचाकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। हालांकि ब्राजील ज्यादा देर पीछे नहीं रहा। 32वें मिनट में ब्रूनो गिमारेस के पास पर विनीसियस जूनियर ने बाएं छोर से अंदर कट करते हुए जोरदार दायें पैर का शॉट लगाया, जिसे यासीन बूनू रोक नहीं सके और स्कोर 1-1 हो गया।
पहले हाफ के अंत में लुकास पाकेता ने शानदार कलाबाजी भरा प्रयास किया, लेकिन बूनू ने बेहतरीन बचाव कर मोरक्को को नुकसान नहीं होने दिया। दूसरे हाफ में भी ब्राजील ने दबाव बनाया। विनीसियस के कट-बैक पर राफिन्या को मौका मिला, मगर बूनू फिर दीवार बनकर खड़े रहे। दूसरी ओर अतिरिक्त समय में एलिसन ने नील एल ऐनाउई और अयूब अमाइमूनी के प्रयासों को रोककर ब्राजील को हार से बचाया।

मुख्य बातें
- मोरक्को ने ब्राजील के खिलाफ निडर और आक्रामक खेल दिखाते हुए शुरुआती बढ़त हासिल की।• विनीसियस जूनियर ने टूर्नामेंट में ब्राजील के लिए पहला गोल दागकर टीम को बराबरी दिलाई।• दोनों गोल विश्व स्तरीय रहे और दर्शकों को उच्च स्तर का फुटबॉल देखने को मिला।• यासीन बूनू और एलिसन दोनों गोलकीपरों ने कई महत्वपूर्ण बचाव किए।• ग्रुप-सी में पहले मैच के बाद मोरक्को और ब्राजील के खाते में एक-एक अंक है।• विनीसियस जूनियर को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
आंकड़ों की बात
यह पहला अवसर है जब विनीसियस जूनियर के गोल करने के बावजूद ब्राजील कोई मैच नहीं जीत सका। इससे पहले उनके गोल वाले सभी आठ मुकाबलों में सेलेसाओ को जीत मिली थी।
मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
ब्राजील के स्टार विंगर विनीसियस जूनियर को उनके शानदार प्रदर्शन और बराबरी दिलाने वाले गोल के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
किसने क्या कहा :
ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने कहा, “हमने मैच की शुरुआत अच्छी नहीं की और यह चिंता की बात है। हमने काफी ड्यूल और गेंद पर नियंत्रण गंवाया। दूसरे हाफ में सुधार जरूर हुआ, लेकिन मैं पूरी तरह संतुष्ट नहीं हूं। मोरक्को मजबूत टीम है और हमें अगले मैच से पहले काफी सुधार करना होगा।”
ब्राजील के डिफेंडर डेनिलो ने कहा, “ड्रॉ उचित परिणाम रहा क्योंकि दूसरे हाफ में हमने उन्हें पीछे धकेला और कई मौके भी बनाए। ऐसे मुकाबलों में मिले अवसरों को गोल में बदलना बहुत जरूरी होता है।”
मिडफील्डर ब्रूनो गिमारेस ने स्वीकार किया, “हमसे पासिंग में काफी गलतियां हुईं, जिससे शुरुआत मुश्किल रही। हमने प्रतिद्वंद्वी को बहुत जगह दी। विश्व कप का पहला मैच हमेशा दबाव भरा होता है, लेकिन आज के प्रदर्शन से सीख लेकर हमें बेहतर होना होगा।”
मोरक्को के मिडफील्डर समीर एल मौराबेत ने कहा, “ब्राजील जैसी टीम के खिलाफ यह अच्छा परिणाम है। विश्व कप में खेलना बचपन का सपना था। हमें कुछ और गोल करने के मौके मिले थे, जिन्हें अगले मैचों में भुनाने की कोशिश करेंगे।”
- स्कॉटलैंड ने 36 साल का इंतजार खत्म किया, मैकगिन बने जीत के नायक
स्कोरर:स्कॉटलैंड: जॉन मैकगिन (29वां मिनट)
मुख्य बातें
स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 में विजयी शुरुआत की।
जॉन मैकगिन के पहले हाफ के गोल ने मैच का फैसला किया।
1990 के बाद यह स्कॉटलैंड की विश्व कप फाइनल्स में पहली जीत है।
स्कॉटलैंड ने 1982 के बाद पहली बार विश्व कप के अपने शुरुआती मैच में जीत दर्ज की।
जॉन मैकगिन को ‘सुपीरियर प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
बोस्टन स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-सी के मुकाबले में स्कॉटलैंड ने जुझारू प्रदर्शन करते हुए हैती को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 में यादगार जीत दर्ज की। मैच का एकमात्र गोल मिडफील्डर जॉन मैकगिन ने 29वें मिनट में किया, जिसकी बदौलत स्कॉटलैंड ने 1990 के बाद विश्व कप फाइनल्स में अपनी पहली जीत हासिल की।
मुकाबले की शुरुआत तेज रफ्तार रही और दोनों टीमें आक्रामक अंदाज में उतरीं। सातवें मिनट में स्कॉट मैकटोमिने ने हेडर लगाया जो क्रॉसबार के ऊपर चला गया, जबकि कुछ देर बाद उनका प्रयास पोस्ट से टकरा गया। धीरे-धीरे स्कॉटलैंड ने खेल पर पकड़ बनानी शुरू कर दी, लेकिन हैती भी लगातार दबाव बनाता रहा।
29वें मिनट में स्कॉटलैंड को निर्णायक बढ़त मिली। चे एडम्स ने लंबी गेंद को शानदार तरीके से नियंत्रित कर बेन गैनन-डोक को पास दिया। उनका क्रॉस हैती के रक्षकों ने रोक दिया, लेकिन गेंद बॉक्स के बाहर खड़े जॉन मैकगिन के पास पहुंची। मैकगिन ने जोरदार शॉट लगाया जो डिफ्लेक्शन के बाद गोल में समा गया और स्कॉटिश समर्थकों में जश्न की लहर दौड़ गई।
हाइड्रेशन ब्रेक के बाद हैती ने वापसी की कोशिश की। रुबेन प्रोविडेंस ने विंग से अंदर कट करते हुए निचला शॉट लगाया, जिसे गोलकीपर एंगस गन पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके और स्कॉटलैंड के बॉक्स में कुछ देर अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि हैती इस मौके का फायदा नहीं उठा सका।
दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों ने भरपूर ऊर्जा दिखाई, लेकिन साफ मौके कम बने। मैकगिन के पास दूसरा गोल करने का अवसर आया, मगर रिकार्डो अदे के दबाव में उनका शॉट निशाने से चूक गया। दूसरी ओर प्रोविडेंस ने शानदार क्रॉस भेजा, लेकिन विल्सन इसिदोर दूर वाले पोस्ट पर उससे संपर्क नहीं कर सके।
मैच के अंतिम क्षणों में हैती को बराबरी का सबसे अच्छा मौका मिला। फ्रांत्ज़डी पियरो ने दाएं फ्लैंक से आए क्रॉस पर शानदार हेडर लगाया, लेकिन गेंद पोस्ट के बाहर से निकल गई। इसके साथ ही स्कॉटलैंड ने 1-0 की बढ़त कायम रखते हुए तीन महत्वपूर्ण अंक अपने नाम कर लिए।
इस जीत के साथ स्कॉटलैंड ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। वहीं हैती को शुरुआती मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। जॉन मैकगिन का निर्णायक गोल स्कॉटिश फुटबॉल इतिहास के यादगार पलों में शामिल हो गया, क्योंकि उनकी टीम ने विश्व कप मंच पर 36 वर्षों का जीत का इंतजार समाप्त कर दिया।
- ऑस्ट्रेलिया ने तुर्किये को चौंकाया, ईरानकुंडा और मेटकाफ के गोल से शानदार जीत
स्कोरर:ऑस्ट्रेलिया : नेस्टोरी ईरानकुंडा (27वां मिनट), कॉनर मेटकाफ (75वां मिनट)
वैंकूवर में नेस्टोरी ईरानकुंडा और कॉनर मेटकाफ के शानदार गोलों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ग्रुप डी के मुकाबले में तुर्किये को 2-0 से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इस जीत के साथ सॉकरूज़ ने टूर्नामेंट में दमदार आगाज किया, जबकि युवा गोलकीपर पैट्रिक बीच ने अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण को यादगार बनाते हुए तुर्किये के कई हमलों को विफल कर दिया।
मैच की शुरुआत में तुर्किये ने आक्रामक खेल दिखाया और अर्दा गुलर ने ऑस्ट्रेलियाई रक्षा पर दबाव बनाया। हालांकि 22 वर्षीय गोलकीपर पैट्रिक बीच ने शानदार बचाव करते हुए टीम को शुरुआती झटके से बचाया। इसी बचाव के बाद ऑस्ट्रेलिया ने बिजली जैसी तेज पलटवार किया। कुछ ही सेकंड में गेंद एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंची और नेस्टोरी ईरानकुंडा ने अंदर की ओर कट लगाते हुए दाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर गेंद को जाल में पहुंचा दिया।
पहले हाफ में बढ़त हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने संयमित खेल दिखाया, लेकिन तुर्किये लगातार बराबरी की तलाश में जुटा रहा। अब्दुलकेरिम बारदाकची के शक्तिशाली शॉट को बीच ने पोस्ट की ओर धकेल दिया, जबकि अर्दा गुलर की खतरनाक फ्री-किक को भी उन्होंने शानदार तरीके से रोक दिया।
दूसरे हाफ में तुर्किये ने दबाव बढ़ाया, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम जवाबी हमलों में लगातार खतरनाक साबित होती रही। 75वें मिनट में कॉनर मेटकाफ ने मिडफील्ड में गेंद छीनी, तेज दौड़ लगाई और बाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर गेंद को निचले कोने में पहुंचा दिया। इस गोल ने मुकाबले का फैसला कर दिया और ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 की यादगार जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में पैट्रिक बीच की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण मैच में कुल आठ शानदार बचाव किए और तुर्किये के हमलावरों को निराश कर दिया। वहीं नेस्टोरी ईरानकुंडा को उनके शानदार प्रदर्शन और निर्णायक गोल के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
मुख्य बातें
ऑस्ट्रेलिया ने तुर्किये को 2-0 से हराकर विश्व कप अभियान की शानदार शुरुआत की।
नेस्टोरी ईरानकुंडा और कॉनर मेटकाफ ने एक-एक गोल दागा।
गोलकीपर पैट्रिक बीच ने पदार्पण मैच में आठ महत्वपूर्ण बचाव किए।
अर्दा गुलर और तुर्किये के हमलावर ऑस्ट्रेलियाई रक्षा को भेदने में नाकाम रहे।
ईरानकुंडा को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
ग्रुप डी में ऑस्ट्रेलिया ने जीत के साथ तीन अंक हासिल किए और शीर्ष स्थान की दौड़ में खुद को मजबूत किया।
ग्रुप डी अंक तालिका
अमेरिका – 3 अंक
ऑस्ट्रेलिया – 3 अंक
तुर्किये – 0 अंक
पराग्वे – 0 अंक
reported by- Md Isha Uddin
