पीकेएल-12 : लगातार दूसरी जीत के साथ शीर्ष-8 में पहुंचे यूपी योद्धाज, थलाइवाज को 1 अंक से हराया

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। यूपी योद्धाज ने त्यागराज इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन के 84वें मैच में तमिल थलाइवाज को 32-31 के स्कोर से हराकर अंक तालिका के शीर्ष-8 में प्रवेश कर लिया है।

यूपी की जीत में गुमान सिंह (8) और गगन (6) के अलावा डिफेंस में हितेश (7) हीरो बनकर उभरे। यूपी को 15 मैचों में छठी जीत मिली है जबकि थलाइवाज इतने ही मैचों में नौवीं हार मिली। थलाइवाज के लिए अर्जुन देसवाल (7) और डिफेंस में सागर राठी (5) ही चमक दिखा सके।

तीन मिनट के खेल के बाद यूपी ने 4-3 की लीड बना ली थी। इसके बाद यूपी ने दबाव बनाए रखते हुए 6-3 की लीड ले ली। डू ओर डाई रेड पर भवानी के टच के बाद देसवाल ने आशू को टारगेट बनाकर स्कोर 4-7 कर दिया। इसके बाद देसवाल की रेड पर यूपी को दो खिलाड़ी एंड लाइन के पार गए और 10 मिनट की समाप्ति तक स्कोर 8-8 कर दिया लेकिन यूपी के लिए सुपर टैकल भी आन था।

ब्रेक के बाद थलाइवाज ने यूपी को आलआउट करते हुए 12-9 की लीड ले ली। आलइन के बाद थलाइवाज ने लगातार तीन अंक लेकर फासला 5 का कर लिया। इसके बाद यूपी ने डू ओर डाई पर खेलना शुरू किया। थलाइवाज का भी डिफेंस अच्छा खेल रहा था और इसी कारण थलाइवाज ने हाफटाइम तक 17-14 की लीड ले ली थी।

ब्रेक के बाद गुमान ने दो अंक की रेड के साथ न सिर्फ स्कोर 16-17 किया बल्कि थलाइवाज के लिए सुपर टैकल आन कर दिया। फिर डिफेंस ने शफागी को लपक थलाइवाज को दो खिलाड़ियों तक सीमित कर दिया लेकिन हिमांशु ने गगन को सुपर टैकल कर स्कोर 20-17 कर दिया। यूपी ने हालांकि इसके बाद शानदार वापसी की और आलआउट के साथ स्कोर 22-21 कर दिया।

गुमान के शानदार एस्केप के बाद हितेश ने देसवाल को लपक अपना हाई-5 पूरा किया। इस बीच गुमान और भवानी ने लगातार दो अंक के साथ स्कोर 26-22 कर दिया। फिर गुमान ने मल्टीप्वाइंटर के साथ ब्रेक के बाद वापसी की और थलाइवाज को सुपर टैकल की स्थिति में ला दिया लेकिन देसवाल ने उसे इस स्थिति से निकाल लिया। इसके बाद सागर ने गुमान को लपक फासला 2 का किया और हाई-5 भी पूरा किया। अगली रेड पर डिफेंस ने देसवाल का शिकार कर लिया।

इसके बाद भवानी ने सागर को बाहर कर स्कोर 30-26 किया और फिर हितेश ने शफागी को बैकहोल्ड कर फासला 5 का कर दिया लेकिन नितेश ने गुमान को सुपर टैकल स्कोर 28-31 कर दिया। हालांकि यूपी के डिफेंस ने आशीष को लपक फासला फिर 4 का कर दिया। इसके बाद थलाइवाज ने सफल सुपर टैकल किया लेकिन वह एक अंक से हार गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *